गोरखपुर में सूखे नाले से महिला और नवजात की लाश बरामद: मिट्टी से बाहर निकला हाथ, हत्या की आशंका
गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां सूखे नाले की मिट्टी में दफन 30 वर्षीय महिला और एक नवजात बच्चे का शव बरामद हुआ। नाले की मिट्टी से बाहर निकले एक हाथ को देखकर आसपास टहल रहे लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में सूखे नाले की मिट्टी से महिला और नवजात बच्चे के शव बरामद हुए। सुबह लोगों को मिट्टी से हाथ बाहर दिखा, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शव बाहर निकलवाए, जो करीब एक सप्ताह पुराने बताए जा रहे हैं। महिला जींस-टॉप में मिली और पास में बाल भी मिले, जिन्हें जानवरों द्वारा नोचा जाना बताया जा रहा है। पुलिस पहचान कराने में जुटी है और हत्या की आशंका पर जांच शुरू कर दी गई है।
मिट्टी से बाहर निकला हाथ, लोगों ने दी सूचना
गुलरिहा क्षेत्र के जैनपुर ग्राम सभा के टोला मसूदाबाद स्थित सूखे चोरहिया नाले में सुबह टहलने पहुंचे लोगों ने मिट्टी में धंसा एक हाथ बाहर निकला देखा। पहले तो लोग घबरा गए, फिर शोर मचाने लगे। देखते ही देखते मौके पर करीब 50 से अधिक लोग जुट गए।
किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

महिला और नवजात का शव मिला
पुलिस ने खुदाई कर मिट्टी में दबे महिला और नवजात बच्चे के शव को बाहर निकलवाया। महिला जींस और टॉप पहने हुए थी। पुलिस के अनुसार, शव काफी हद तक गल चुका है और करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है।
घटनास्थल पर नोचे हुए बाल भी मिले हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम जानवरों द्वारा किया गया हो सकता है।

हत्या की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि शवों के संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।
पहचान कराने की कोशिश जारी
एसपी सिटी निमिष पाटील के मुताबिक, सुबह करीब 9:30 बजे अज्ञात महिला और बच्चे का शव बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

