
सपा ने विधानसभा चुनाव के लिए तैयार किया ‘टिकट वितरण फार्मूला’
समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण का फार्मूला तय कर लिया है। और दावेदारों को साफ़ संदेश दे दिया है
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भले ही अभी एक साल का समय है लेकिन समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। लोकसभा चुनाव 2024 में 37 सीटें जीतकर उत्साह से भरी सपा अब विधानसभा में भी उसी सफलता को दोहराना चाहती है। इसके लिए पार्टी नेतृत्व ने ‘टिकट वितरण फार्मूला’ तैयार कर लिया है, जिसका सीधा और कड़ा संदेश टिकट के दावेदारों तक पहुंचा दिया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार सपा केवल जिताऊ उम्मीदवार ही नहीं, बल्कि ‘साफ छवि’ वाले चेहरों पर दांव लगाएगी। दावेदारों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी ‘इमेज बिल्डिंग’ पर काम शुरू करें। जनता के बीच भरोसेमंद और सकारात्मक छवि बनाना अब टिकट पाने की पहली शर्त होगी। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना है लेकिन किसी भी विवादित पोस्ट या व्यवहार से बचने की सख्त हिदायत दी गई है, ताकि पार्टी की छवि पर कोई आंच न आए।
सपा का नया फार्मूला सामाजिक समीकरणों को साधने पर केंद्रित है। उत्तर प्रदेश की 86 आरक्षित सीटों के अलावा, सपा अब सामान्य सीटों पर भी अनुसूचित जाति (SC) के मजबूत उम्मीदवारों को उतारने पर गंभीरता से मंथन कर रही है। पार्टी यादवों के साथ-साथ अन्य पिछड़ी जातियों, विशेषकर कुर्मी बिरादरी को अधिक प्रतिनिधित्व देने की योजना बना रही है, जैसा कि लोकसभा चुनाव के दौरान सफल रहा था।
पूर्व मंत्रियों और विधायकों को साफ कह दिया गया है कि वे केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें। उन्हें मजलूमों, पिछड़ों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान का प्रयास करने को कहा गया है। उम्मीदवारों को पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और भविष्य के विजन को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सपा नेतृत्व का यह कड़ा ऐक्शन संकेत है कि इस बार टिकट का आधार केवल सिफारिश नहीं, बल्कि जमीन पर किया गया काम और जनता के बीच की छवि होगी।

